
मौसम का मिजाज बदलने के बाद पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह है। आमजन को भी गर्मी से काफी राहत मिली है। स्कूली बच्चों के चेहरे भी खुशियां लौट आई हैं।
एक दिन में गिरा 10 डिग्री तापमान
आज भी आंधी, हल्की वर्षा संभावित
पेंड्रा-गौरेला व मरवाही में वर्षा
बिलासपुर। द्रोणिका के असर से मौसम बदल चुका है। आसमान में चारों ओर बादलों का घेरा है। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। दिनभर मौसम खुशनुमा बना रहा। वातावरण में नमी महसूस हुई। ठंडी हवाएं भी चली। दिन के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रात में हल्की बूंदाबांदी हुई। पेंड्रा-गौरेला व मरवाही में भी हल्की वर्षा दर्ज की गईहै। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को भी आंधी संग हल्की वर्षा संभावित है।
मौसम का मिजाज बदलने के बाद पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह है। आमजन को भी गर्मी से काफी राहत मिली है। स्कूली बच्चों के चेहरे भी खुशियां लौट आई हैं। आसमान में काले बादलों के आते ही वातावरण में गर्मी का असर कम हो गया है। एक दिन पहले शु्क्रवार को जहां दिन का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था तो वहीं शनिवार को 30.4 डिग्री पर आ गया। जबकि रात में स्थिति एकदम उलट रही। पारा 23.8 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 25.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यानी दिन में नमी तो रात में गर्मी का अहसास हुआ। बहरहाल जो भी लोगों को प्रचंड गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
आज गरज-चमक के साथ पड़ेंगे छींटे
मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका/ हवा की अनियमित गति अंदरूनी ओडिशा से कोमोरीन क्षेत्र तक छत्तीसगढ होते हुए, 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन प्रारंभ हो गया है। आठ अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
एक-दो दिन अभी और गिरेगा पारा
मौसम विभाग का यह भी कहना है कि रविवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर (मुख्यतः मध्य छत्तीसगढ में) गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने और ओला वृष्टि होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में अगले दो दिनों में दो डिग्री की तक गिरावट होने की संभावना है। वर्षा सभी संभागों के जिलों में होगी।
जीपीएम में दिनभर रिमझिम
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में दिनभर रिमझिम वर्षा जैसी स्थिति बनी रही। कहीं-कहीं रुक-रुककर वर्षा हुई। मौसम विशेषज्ञ मो. सिराज खान की मानें तो बिलासपुर में भी वर्षा का अनुमान है। यह स्थिति अभी 10 अप्रैल तक बनी रह सकती है। इसके बाद ही मौसम सामान्य होगा।



