छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान जहां तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया, वहीं अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए राहत भरी खबर दी है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है और अगले 48 घंटों में तापमान में गिरावट के साथ-साथ गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सक्रिय हो रहे ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश का मौसम बदला-बदला नजर आएगा।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म, दुर्ग सबसे ठंडा
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।
सक्रिय सिस्टम बदल रहे मौसम का रुख
मौसम में बदलाव का मुख्य कारण छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में 0.9 किमी ऊंचाई पर बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण है। इसके अलावा दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास 1.5 से 3.1 किमी के बीच एक और परिसंचरण सक्रिय है, जो प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है।
रायपुर में आंशिक बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 5 अप्रैल को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।




