बिलासपुर में छाई रही बदली, नहीं हुई बारिश : कम हुआ द्रोणिका का असर, एक-दो दिन अब नहीं होगी बरसात, तापमान में होगी बढ़ोतरी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार को बदली छाई रही और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी होती रही। इसके चलते मौसम में नमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कम बरसात होने की संभावना जताई है। वहीं, धूप निकलने के बाद तापमान में बढ़ोतरी भी संभव है।
बिलासपुर जिले में इस साल अच्छी वर्षा हुई है, जो सामान्य से अधिक है। खेतों में रोपाई का काम अब अंतिम दौर पर है। वहीं, बारिश के बाद अब धान की फसलें लहलहाने लगी है। किसानों के चेहरे में खुशी झलक रही है। बिलासपुर संभाग में 10 अगस्त को कहीं-कहीं गरज चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।
सामान्य से अधिक बरसात
इस साल वर्षा के मामले में जिले की स्थिति ठीक है। आंकड़ों के मुताबिक एक जून से अब तक 688.1 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। आसपास सभी तहसीलों में सामान्य से अधिक वर्षा हो चुकी है।
कम हुआ द्रोणिका का असर
मौसम विभाग की मानें तो एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम झारखंड और उसके आसपास स्थित है। यह 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर गंगानगर, रोहतक, आगरा, रांची, बालासोर और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक स्थित है।
तापमान में बढ़ोतरी संभव
मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान का कहना है कि मौसम में शनिवार से धूप निकल सकती है, जिसकी वजह से तापमान में उमस का एहसास होगा। दिन के तापमान में वृद्धि संभव है और धूप-छांव जैसी स्थिति बनेगी।