छत्तीसगढ़

गिरौदपुरी धाम में हुई कथित तोड़फोड़ के विरोध में बलौदाबाजार में हुआ उग्र प्रदर्शन

बलौदाबाजार। गिरौदपुरी धाम में हुई कथित तोड़फोड़ के विरोध में एक समाज विशेष के लोगों ने बलौदाबाजार में धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने की भी कोशिश की। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और उन्होंने कलेक्टर कार्यालय में तोड़फोड़ करने के साथ ही कलेक्टोरेट भवन में आगजनी की और बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर कुछ वाहनों में भी आग लगा दी। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस जवानों पर भी पथराव करने की खबर है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए रायपुर से अतिरिक्त पुलिस बल को मौके के लिए रवाना किया गया है। इस बीच, बलौदाबाजार में धारा एक सौ चवालीस लागू कर दी गई है।
वहीं, राज्य शासन ने गिरौदपुरी धाम के जैतखांभ में हुई तोड़फोड़ की न्यायिक जांच कराने की घोषणा की है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि इस पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कही भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे कृत्य करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से सामाजिक सौहार्द्र बनाए रखने की अपील की है।

इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलौदाबाजार में आज हुई घटना के मामले में मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को बुलाकर बैठक की और उत्पात मचाने वालों से सख्ती के साथ निपटने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी।  

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker