मानसून की धमाकेदार दस्तक से झूम उठा शहर

मानसून की इस धमाकेदार शुरुआत ने बिलासपुर शहर को जीवंत कर दिया है। लोगों ने बारिश का स्वागत किया और वातावरण में खुशी की लहर दौड़ गई। अब देखना यह है कि यह मानसून आगे और कितनी खुशियां और चुनौतियां लेकर आता है।
शुक्रवार की शाम बिलासपुर में मानसून ने धमाकेदार एंट्री
गरज-चमक के साथ शाम को जमकर बरसे मेघ
आमजन ने वर्षा का दिल खोलकर किया स्वागत
मौसम विभाग की चेतावनी
बिलासपुर। शुक्रवार की शाम बिलासपुर में मानसून ने धमाकेदार एंट्री की। जैसे ही आसमान में बादल घिरे, शहरवासियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शाम को जबरदस्त बारिश हुई, जिसमें बिजली और गरज-चमक की आवाज़ ने शहर को थर्रा दिया। तेज हवाओं के साथ बारिश की बूंदों ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया। आमजन ने मानसून का दिल खोलकर स्वागत किया।
बारिश की इस पहली बूंद ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। लंबे इंतजार के बाद आई इस बारिश ने खेतों में हरियाली की उम्मीदें जगा दी हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सावधानी बरतें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। विशेषकर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बिलासपुर पहुंचा मानसून
मौसम विभाग ने स्प्ष्ट कर दिया कि मानसून अब बिलासपुर पहुंच चुका है। प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों में मानसून के और अधिक क्षेत्रों में सक्रिय होने की संभावना है। वहीं एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका राजस्थान से मणिपुर तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बिहार और उससे लगे पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके प्रभाव से वर्षा की गतिविधियों में तेजी आएगी।
आज भी वर्षा की संभावना
प्रदेश में 22 जून को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा अंधड़ चलने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। 23 से 25 जून तक वर्षा की गतिविधि में थोडी कमी आ सकती है।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
बिलासपुर 35 25.4
पेंड्रारोड 33.7 23.4
अंबिकापुर 35.3 24
माना 33.4 24.2
जगदलपुर 30.3 25.5