शुक्र है, कुछ नया होने वाला है, बादलों में हलचल, वर्षा के क्रम में होगी वृद्धि

गुरुवार को दिनभर लोग उमस से हलकान हुए। घर हो या बाहर। मिनटों में शरीर से पसीना निकलने लगा था। 22 जुलाई से सावन मास भी प्रारंभ हो रहा है। ऐसे में ज्योतिष भी मान रहे हैं कि यह एक अच्छा संकेत है। यदि लगातार झड़ी जैसी स्थिति बनी तो वातावरण से उमस खत्म हो जाएगी।
बिलासपुर में आज भी वर्षा की संभावना
वर्षा की दृष्टि से मौसम अनुकूल बना हुआ है
खासकर 20 जुलाई से अच्छा बदलाव दिखेगा
बिलासपुर। वर्षा की दृष्टि से मौसम अनुकूल बना हुआ है, लेकिन उस हिसाब से नहीं कि उमस खत्म हो जाए। शुक्र है, बादलों में नई हलचल जारी है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अब वर्षा के क्रम में वृद्धि होगी। मौसम विभाग ने भी स्पष्ट कर दिया है कि कल से प्रदेश के ज्यादातर स्थानों में तेज गरज चमक के साथ बरसात होगी।
मौसम वेधशाला
मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर कोटा, गुना, जैसलमेर, नरसिंहपुर, राजनांदगांव, कलिंगपट्टनम और उसके बाद पूर्व की ओर मध्य बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक विंडशीयर जोन 20 डिग्री उत्तर में 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके प्रभाव से अब वर्षा की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। खासकर 20 जुलाई से अच्छा बदलाव दिखेगा। ठंडी हवाएं चलने और रिमझिम बरसात के बाद मौसम में नमी बढ़ सकती है।
आज भी वर्षा की संभावना
प्रदेश में 19 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने, वज्रपात होने तथा अंधड़ चलने की संभावना है। 20 जुलाई से प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर अच्छी वर्षा होने की संभावनाएं हैं।