
जांजगीर-चांपा। जिले में रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर इस बार बलौदा थाने का माहौल कुछ अलग और भावुक कर देने वाला रहा। जय भारत इंग्लिश मीडियम भिलाई बलौदा स्कूल की छात्राओं ने बलौदा थाना पहुंचकर वहां तैनात पुलिस जवानों को राखी बांधकर सुरक्षा का वचन लिया। छात्रों ने जवानों के ललाट पर तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और कलाई पर छात्राओं द्वारा स्व निर्मित रक्षा सूत्र बांधा। जवानों की आंखें नम हो गई जब छात्रों ने कहा आप जैसे पुलिस जवानों के वजह से हम निडर होकर स्कूल जा पाते हैं। छात्राओं ने यह भी कहा कि हम पुलिस के समर्पण को सलाम करते हैं और उनकी यह सेवा ही सच्चा राष्ट्र धर्म है। थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने स्कूल छात्राओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा रक्षाबंधन केवल भाई बहन का पर्व नहीं यह देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का भी पर्व है जब बहनों ने हमें राखी बांधी वह केवल धागा नहीं था वह विश्वास आशीर्वाद और संकल्प का प्रतीक था। जय भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्राएं सिर्फ ज्ञान नहीं संस्कार भी अर्जित कर रही है। इस मौके पर थाना स्टाफ के टीआई राजीव श्रीवास्तव, प्रतिभा राठौर, मुकेश यादव, बृजपाल बर्मन, रोहित साहू, विनोद मनहर सहित समस्त पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।




