
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन और वर्षा की गतिविधियां कम रहेंगी, लेकिन इसके बाद फिर से बारिश की स्थिति सक्रिय हो सकती है। वहीं, पिछले 24 घंटों में कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है, जबकि कोरिया जिले के सोनहट में सर्वाधिक 86.4 मिमी बारिश हुई।
सिनोप्टिक सिस्टम का असर
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा 31° उत्तर/74° पूर्व से होकर भटिंडा, फतेहाबाद, पिलानी, अजमेर, दीसा, भुज और 23° उत्तर /68° पूर्व से गुजर रही है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल होते हुए पूर्वी बांग्लादेश तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर पूर्व-पश्चिम द्रोणिका बनी हुई है। दक्षिण उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश, विदर्भ होते हुए मराठवाड़ा तक औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर उत्तर-दक्षिण द्रोणिका फैली हुई है।



