छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई की तैयारी, दक्षिण में अब भी बरसेंगे बादल, आज कैसा रहेगा मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे विदा लेने की स्थिति में है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 2-3 दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बन रही हैं। हालांकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में अभी भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में मामूली गिरावट और मौसम में नमी बनी रहेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट और उमस में कमी आएगी। वहीं उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम सामान्य बना रहेगा।

मानसून विदाई के अनुकूल हालात

दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा इस समय 28° उत्तर/86° पूर्व, रक्सौल, वाराणसी, जबलपुर, अकोला, अहिल्यानगर, अलीबाग और 18.5° उत्तर/72° पूर्व से होकर गुजर रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 2-3 दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ से मानसून की आधिकारिक विदाई हो सकती है।

बारिश के ताजा आंकड़े

प्रदेश के कई इलाकों में बीते 24 घंटों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा बारिश अंतागढ़ में 9 सेमी दर्ज की गई। अन्य प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं; मैनपुर 7 सेमी, लोहांडीगुड़ा 6 सेमी, राजनांदगांव 6 सेमी, बालोद 5 सेमी, चारामा 4 सेमी, भानुप्रतापपुर 4 सेमी, दुलदुला 3 सेमी, बिलाईगढ़ 3 सेमी, डौंडी 2 सेमी, तोंगपाल 2 सेमी, सरसिवा 2 सेमी, मंदिर हसौद 2 सेमी और रायगढ़ 1 सेमी।

तापमान का हाल

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.1°C जगदलपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.0°C पेंड्रा रोड पर दर्ज किया गया। तापमान में हल्की गिरावट के संकेत मिल रहे हैं, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है।

आज कैसा रहेगा रायपुर का मौसम

रायपुर शहर में 12 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना भी जताई गई है। अधिकतम तापमान करीब 31°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रह सकता है। अगले दो दिनों के बाद पूरे प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के आसार रहेंगे। इसके बाद मौसम शुष्क होता जाएगा और इस तरह से दक्षिण-पश्चिम मानसून की औपचारिक विदाई की घोषणा होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker