सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने किया जिला पंचायत भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन, 314.25 लाख रुपये की लागत से बनेगा भवन

सक्ती। जिला सक्ती में नवीन जिला पंचायत भवन के निर्माण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। छत्तीसगढ़ शासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत यह कार्यक्रम जिला पंचायत संसाधन केंद्र, जेठा में आयोजित किया गया, जिसमें भवन निर्माण के लिए 314.25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला पंचायत के अधिकारियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। भूमिपूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई तथा भवन निर्माण कार्य के शीघ्र एवं सफल पूर्ण होने की कामना की गई।
सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि नवीन जिला सक्ती के गठन के पश्चात जिला पंचायत भवन का निर्माण छत्तीसगढ़ शासन की एक बड़ी उपलब्धि है। यह भवन क्षेत्र के समग्र विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चन्द्रा ने बताया कि भवन निर्माण से प्रशासनिक कार्यों में कसावट आएगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन ने जानकारी दी कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा तथा इसमें सभी जिला पंचायत सदस्यों के बैठने की पृथक व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही सांसद एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा जिला पंचायत संसाधन केंद्र, जेठा परिसर में अशोक पेड़ का वृक्षारोपण भी किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत सदस्य श्री आयुष शर्मा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जानकी सत्यनारायण चंद्रा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा चंद्रप्रकाश खूंटे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सरोज दुष्यंत डनसेना, जनपद पंचायत जैजैपुर अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा परदेशी खूंटे, जनपद पंचायत मालखरौदा अध्यक्ष श्री कवि वर्मा, पूर्व विधायक श्री केशव चंद्रा, श्री टिकेश्वर गबेल, श्री ठाकुर गुलजार सिंह, श्री आलोक पटेल, श्री रंजित अजगल्ले, श्री उमाशंकर चंद्रा, सरपंच श्रीमती कौशिल्या बाई राठौर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।




