सक्ती

झालरौंदा स्कूल में मातृ-पितृ दिवस का हुआ आयोजन

सक्ती। शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय, झालरौंदा में मातृ-पितृ दिवस धूमधाम एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के शिक्षक महेन्द्र कुमार चन्द्रा ने अपने उद्बोधन में बताया कि इस प्रकार के आयोजन बढ़ती उम्र के बच्चों में सकारात्मक सोच विकसित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे बच्चे भटकाव से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार और माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना को समझेंगे और अपनाएंगे। इस अवसर पर विद्यार्थियों के माता-पिता को विद्यालय में आमंत्रित किया गया। छात्रों ने अपने माता-पिता का आरती, तिलक एवं पुष्प अर्पित कर सम्मान किया। यह दृश्य अत्यंत भावनात्मक एवं प्रेरणादायी रहा। बच्चों में अपने माता-पिता के प्रति आदर और गर्व स्पष्ट दिखाई दे रहा था। विद्यालय की शिक्षिका चंचला चन्द्रा ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु विशेष प्रयास किए।

जिन विद्यार्थियों के माता-पिता किसी कारणवश विद्यालय नहीं पहुँच सके, उनका घर पर ही सम्मान करवाया गया तथा उसके फोटो मंगवाए गए। इस अनूठी पहल से प्रत्येक विद्यार्थी को अपने माता-पिता का सम्मान करने का अवसर प्राप्त हुआ। इस प्रकार के कार्यक्रम से घर-परिवार में सकारात्मक सोच का विकास हुआ है। पालकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए शिक्षकों को धन्यवाद दिया कि छात्र अपने घर के बड़ों का सम्मान करना सीख रहे हैं। इस आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि विद्यालय केवल पुस्तक ज्ञान देने का स्थान नहीं, बल्कि संस्कारों का भी केंद्र है। कार्यक्रम में सभी शिक्षक उपस्थित रहे। बच्चों एवं पालकों में इस आयोजन को लेकर अत्यधिक उत्साह देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker