छत्तीसगढ़

रायपुर से सरगुजा तक मानसून का कहर, 30 जिलों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच रही है। मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटा), आकाशीय बिजली गिरने और मध्यम से भारी वर्षा की आशंका जताई गई है। वहीं, येलो अलर्ट के तहत 30 से अधिक जिलों में गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग पहले से ही बारिश से प्रभावित हैं, ऐसे में और अधिक सतर्कता जरूरी हो गई है। प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने और अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।

ऑरेंज अलर्ट – इन जिलों में खतरे का संकेत

मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अचानक तेज हवाएं, गरज-चमक, वज्रपात और मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। जिले जहां ऑरेंज अलर्ट जारी है – जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर।

येलो अलर्ट – 30 से अधिक जिलों में हल्की बारिश की संभावना

राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इन स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और कहीं-कहीं तेज हवाएं चल सकती हैं। येलो अलर्ट वाले जिले – दक्षिण बस्तर क्षेत्र – सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोण्डागांव, उत्तर बस्तर क्षेत्र – कांकेर, मध्य क्षेत्र – धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, पूर्वी क्षेत्र – जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, पश्चिमी क्षेत्र – दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, उत्तर क्षेत्र – सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर।

प्रशासन ने जारी की सतर्कता की अपील

राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए राहत और बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे वज्रपात और तेज बारिश के दौरान खुले स्थानों और बिजली के खंभों से दूर रहें। साथ ही नदी-नालों के पास जाने से बचें और बच्चों को भी सुरक्षित रखें।

पहले से जलभराव और बाढ़ का संकट

कई जिलों में पहले ही भारी बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर और सरगुजा के ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों और सड़कों में पानी भर गया है। नए अलर्ट के चलते इन जिलों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

मौसम विभाग की चेतावनी

अगले 24 से 48 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। नागरिकों से मौसम विभाग की ताज़ा अपडेट पर नज़र रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker