
जांजगीर-चांपा। संस्कार भारती जिला इकाई सक्ती एवं शारदा संगीत महाविद्यालय बिर्रा के संयुक्त तत्वावधान में श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव 17 अगस्त 2025 को बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत आचार्य चाणक्य सभागार बिर्रा में सम्पन्न हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मणिलाल कश्यप (सामाजिक कार्यकर्ता) रहे। अतिथि का सम्मान शुभ्र तिलक से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बालकृष्ण लाल एवं ललित कलाओं की अधिष्ठात्री देवी माँ शारदा के टैलचित्र पर पूजार्चना कर किया गया।
मुख्य अतिथि मणिलाल कश्यप ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जो जीवन है वो संघर्ष पूर्ण हैं, वे गोपियों के संग राच रचातें हैं और नीतिज्ञता व कर्मयोग के कारण योगेश्वर कहलातें हैं। वही संगीत विद्यालय के वरिष्ठ विशारद अंतिम के विद्यार्थी एवं मंडल घोष प्रमुख प्रवीण तिवारी ने कहा कि ठाकुर जी की रास भूमि वृंदावन है। वे राजेश्वर राजा राम भी हैं और योगेश्वर घन श्याम भी हैं। प्रवीण ने ठाकुर जी सप्तनिधि व सप्त देवालय आदि के विषय मे बताते हुए श्रीमद्भागवत से सप्रमाण जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम संचालन तथा आभार मनोज तिवारी (महामंत्री) द्वारा किया गया।




