
सक्ती। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के हजारों हितग्राहियों को एक साथ अपने सपनों का गृह में प्रवेश मिलने जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पूरे प्रदेश में 1 नवम्बर को सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह नवा रायपुर, अटल नगर में आयोजित होगा, जहां से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी राज्य के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराएंगे। यह क्षण उनके जीवन का उत्सव होगा।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले मे निरंतर उत्कृष्ट उपलब्धियॉं हासिल की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक पात्र परिवार को अपना पक्का घर उपलब्ध हो सके। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में सत्र 2025-26 अंतर्गत अब तक 32184 आवास पूर्ण हो चुका है। जिसमें 1 नवम्बर को 18 हजार से अधिक आवासों में गृह प्रवेश किया जाएगा। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के सभी ग्राम पंचायतों में पारंपरिक उत्सवमय वातावरण रहेगा। यह सामूहिक गृह प्रवेश केवल घर निर्माण का उत्सव नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन में स्थायित्व, सम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है एक सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में यह ऐतिहासिक कदम है।




