बजट 2026-27 में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए ऐतिहासिक प्रावधान – परदेशी खुंटे

जैजैपुर/रायपुर। जिलाध्यक्ष, अनुसूचित जाति मोर्चा परदेशी खुंटे ने कहा है कि राज्य बजट 2026-27 में अनुसूचित जाति वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बजट में अनुसूचित जाति विशेष घटक योजना के अंतर्गत 12 प्रतिशत राशि का प्रावधान किया गया है, जिससे समाज के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान को मजबूती मिलेगी।
श्री खुंटे ने कहा कि अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की राशि को 50 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये किया गया है, जो समाज के विकास कार्यों को नई गति देगा। इसके साथ ही अनुसूचित जाति कल्याण विभाग को और अधिक सशक्त बनाने हेतु विभागाध्यक्ष कार्यालय की स्थापना का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के लिए प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रावासों, खेल परिसर एवं प्रयास विद्यालय के भवन निर्माण का भी प्रावधान किया गया है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी।
श्री खुंटे ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पवित्र गिरौदपुरी धाम के विकास एवं उन्नयन हेतु भी बजट में प्रावधान किया गया है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा समाज की आस्था को सशक्त आधार मिलेगा। इससे क्षेत्रीय विकास और स्थानीय रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।
परदेशी खुंटे ने कहा कि यह बजट अनुसूचित जाति वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा सामाजिक, धार्मिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस कदम है।




