भारी बारिश का यलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। रायपुर, राजनांदगांव, कांकेर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। वही आज रविवार को मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग संभाग के जिलों में बिजली गिरने, बादल गरजने को लेकर अलर्ट है। पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के सभी संभागों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिन यही स्थिति बनी रहेगी। शनिवार को दुर्ग में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33.8°C और न्यूनतम 20.6°C दर्ज हुआ। बता दें कि 1 जून से अब तक बलरामपुर जिले में सबसे ज्यादा 1141.3 मिमी बारिश दर्ज हुई है।
18 अगस्त को बनेगा नया सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य हिस्से में 18 अगस्त के आसपास नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनेगा। इससे छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों में बारिश और तेज होगी।



