छत्तीसगढ़

गर्मी की छुट्टी, 32 मिमी वर्षा के बाद प्रकृति में बिखरी हरियाली

वर्षा के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। विनोबा नगर, हंसा विहार, तोरवा, सरकंडा, बंधवापारा, मंगला और सिरगिट्टी सहित पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पानी भर गया था, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

शनि की शाम झमाझम वर्षा के बाद रवि को उमस

मौसम में उतार-चढ़ाव का सेहत पर पड़ेगा असर

चक्कर आना व त्वचा की समस्या

बिलासपुर। शनि की शाम तेज आंधी, बादलों की गर्जना के साथ 32 मिलीमीटर झमाझम वर्षा के बाद मौसम का मिजाज एकदम से बदल गया है। मानों रविवार को गर्मी की छुट्टी हो गई। प्रकृति में चारों ओर हरियाली बिखरी हुई थी। मौसम में हुए इस बदलाव का असर सेहत पर पड़ेगा क्योंकि अब उमस बढ़ गई है। प्री मानसून के आगमन के साथ ही बिलासपुर में मौसम ने करवट ली है। 32 मिलीमीटर वर्षा दर्ज होने के बाद शहर में उमस का प्रभाव तेजी से बढ़ गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उमस के कारण लोग बेहाल हैं और सेहत संबंधी समस्याओं का भी सामना कर रहे हैं।

वर्षा के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। विनोबा नगर, हंसा विहार, तोरवा, सरकंडा, बंधवापारा, मंगला और सिरगिट्टी सहित पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पानी भर गया था, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई घरों में पानी घुस गया, जिससे सामान का नुकसान हुआ और सफाई के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ी। राहत की बात यह रही की रवि को स्थिति सामान्य हो गई।

शहर के प्रमुख इलाकों में जलभराव की समस्या ने नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था बेहतर नहीं होने के कारण हर साल बारिश के दौरान उन्हें ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ता है। नगर निगम के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जलभराव की समस्या को जल्द से जल्द हल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

चक्कर आना व त्वचा की समस्या

न्यायधानी में उमस बढ़ने से लोगों को कई तरह की समस्याएं आ सकती है। डा.एमएस राजू के मुताबिक उमस के कारण शहर के अस्पतालों में भीड़ बढ़ गई है। डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, त्वचा संबंधी समस्याएं और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। लोगों को सेहत का ख्याल रखने की सलाह दी जा रही है। इसके लिए उन्हें सामान्य जरूरी उपाय करने की आवश्यकता है।

उमस बढ़ने पर यह करें

पर्याप्त पानी पिएं: उमस के दौरान शरीर से अधिक पसीना निकलता है, जिससे डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है। दिनभर में कम से कम 8-10 गिलास पानी पिएं। सूती कपड़े शरीर को ठंडा रखते हैं और पसीने को सोखते हैं। हल्के रंग के कपड़े पहनने से धूप और गर्मी का असर कम होता है।

संयमित भोजन करें: उमस के दौरान भारी और तली-भुनी चीजें खाने से बचें। फलों, सब्जियों और सलाद को अपने आहार में शामिल करें। यह शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करते हैं। सीधे धूप में बाहर निकलने से बचें। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो छाता, टोपी और सनस्क्रीन का उपयोग करें।

व्यायाम का समय बदलें: उमस के दौरान सुबह और शाम के समय ही व्यायाम करें, जब तापमान कम होता है। दिन में दो बार ठंडे पानी से स्नान करने से ताजगी महसूस होती है और शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker