सक्ती

शासकीय शाला झालरौंदा में एफएलएन मेला का भव्य आयोजन

सक्ती। शासकीय प्राथमिक शाला झालरौंदा में एफएलएन मेला का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया। राज्य शासन के निर्देशानुसार विद्यालय में सीखने–सिखाने के नवीन एवं रोचक तरीकों को बच्चों तक पहुँचाने के उद्देश्य से इस एफएलएन मेले का आयोजन किया गया। मेले का संपूर्ण संचालन एफएलएन के डीआरजी शिक्षक महेन्द्र कुमार चन्द्रा एवं शिक्षिका चंचला चन्द्रा के कुशल मार्गदर्शन एवं देख-रेख में किया गया। यह कार्यक्रम गांव के जन प्रतिनिधि रमेश चन्द्रा, गांव के सरपंच सुमन जगजीवन आदिले और सचिव राम नारायण पटेल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। मेले में हिन्दी, गणित, अंग्रेजी तथा बालवाड़ी कक्षाओं से संबंधित विभिन्न शिक्षण गतिविधियों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। प्रत्येक स्टॉल पर बच्चों को उनकी कक्षानुसार उपयुक्त अवधारणाएँ खेल-खेल में आनंददायक गतिविधियों के माध्यम से बिल्कुल सहज ढंग से सिखाई जा रही थीं। मेले की यह सबसे बड़ी विशेषता रही कि पूरा आयोजन ऑटोमोड में संचालित था, जिससे बच्चों का सीखना और भी मनोरंजक एवं प्रभावी बना।

सभी स्टॉल को सरल से जटिल विषय-वस्तु के क्रम में व्यवस्थित किया गया था, जिससे बच्चों को क्रमबद्ध सीखने का अवसर प्राप्त हुआ। इस मेले में बालवाड़ी से लेकर कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता दिखाई। बच्चे पूरे उत्साह के साथ एक-एक स्टॉल पर जाकर विभिन्न गतिविधियों में शामिल हुए। विद्यालय के पालकों ने भी बड़ी संख्या में मेले में उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने बच्चों को सिखाने के इस नए और रोचक तरीके को अत्यंत प्रभावशाली एवं उपयोगी बताया। पालकों ने विद्यालय के इस प्रयास की प्रशंसा की और इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत लाभकारी माना। मेले के प्रति पालकों का रवैया पूर्णतः सकारात्मक और उत्साहजनक रहा। इस प्रकार एफएलएन मेला न केवल बच्चों के सीखने का माध्यम बना, बल्कि अभिभावकों और स्कूल के बीच एक सशक्त शैक्षिक सेतु के रूप में भी कार्य किया। यह आयोजन विद्यालय के लिए यादगार एवं सफल रहा। इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधान पाठक गिरधर सिंह चन्द्रा, शिक्षक रामधन कटकवार, भवानी शंकर गबेल, परमानन्द गुप्ता का सहयोग सराहनीय रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker