अनुसूचित जाति तथा जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के अंतर्गत रूचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित

सक्ती। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति तथा जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के क्रियान्वयन के संबंध में वर्ष 2026-27 हेतु संस्थाओं के इम्पैनलमेंट के लिए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती द्वारा 23 अप्रैल तक ‘रूचि की अभिव्यक्ति’ आमंत्रित की गई है। उल्लेखनीय है कि इस योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के ग्रामीण प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना, नयी सोच के साथ बेहतर कॅरियर के अवसर प्रदान करना तथा उन्हें बहुमुखी व्यक्तित्व विकास के लिए अवसर प्रदान करना है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार योजना अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त निजी प्रतिष्ठित आवासीय शालाओं में से चयन किया जाना है। विभाग द्वारा चयनित एवं इंपैनल्ड विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु अनुसूचित जनजाति वर्ग के 130 एवं अनुसूचित जाति वर्ग के 70 विद्यार्थियों को कुल मिलाकर अधिकतम 200 विद्यार्थियों को प्रवेश दिलाया जाएगा। संस्थाओं के चयन हेतु तय किए गए मापदंड विभागीय वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in पर उपलब्ध है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती से प्राप्त कर सकते हैं।




