बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, तेज बारिश और मेघगर्जन की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम के तेवर बदलने वाला है। दक्षिण-पूर्व और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी में एक नया दबाव क्षेत्र विकसित हो रहा है, जिसके असर से प्रदेश में 27 अक्टूबर से वर्षा वितरण और उसकी तीव्रता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह सिस्टम धीरे-धीरे एक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है, जिससे आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल जाएगा। मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, अगले चार दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की भी चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में तापमान की स्थिति की बात करें तो शुक्रवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगाँव और दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
सिनोप्टिक स्थिति
दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। यह सिस्टम 25 अक्टूबर तक अवदाब में, 26 अक्टूबर तक गहरे अवदाब में और 27 अक्टूबर की सुबह तक दक्षिण-पश्चिम तथा पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इस संभावित सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर साफ तौर पर दिखाई देगा।
रायपुर का स्थानीय पूर्वानुमान
राजधानी रायपुर में 25 अक्टूबर को आकाश सामान्यतः मेघमय रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 30°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने की संभावना है। कुल मिलाकर, बंगाल की खाड़ी में बन रहे इस सिस्टम के चलते छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसूनी अंदाज़ में बारिश लौटने की संभावना है, जिससे मौसम सुहावना तो होगा, पर किसानों और आम जनता को सतर्क रहने की आवश्यकता है।



