छत्तीसगढ़

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात सक्रिय, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय हो रहे मौसमीय तंत्र ने छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी कर ली है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तंत्र अगले कुछ दिनों में एक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है, जिसके प्रभाव से प्रदेशभर में वर्षा की गतिविधियाँ बढ़ेंगी। 27 अक्टूबर से पूरे छत्तीसगढ़ में वर्षा वितरण और तीव्रता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, वहीं दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी से अतिभारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी का चक्रवात ला सकता है भारी बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना डिप्रेशन 25 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे तक सक्रिय था। यह तंत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए 26 अक्टूबर तक गहरे डिप्रेशन में और 27 अक्टूबर की सुबह तक साइक्लोनिक तूफान में बदलने की संभावना है। आगे चलकर यह सिस्टम 28 अक्टूबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है और काकीनाडा के पास मछलीपट्टनम तथा कलिंगपट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश तट को पार कर सकता है। उस समय हवा की अधिकतम गति 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुँच सकती है।

दक्षिणी जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया कि 27 अक्टूबर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा की तीव्रता बढ़ेगी। अगले चार दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ (विशेषकर दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर आदि जिलों) में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होगी। 28 अक्टूबर को एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी से अतिभारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

चेतावनी और दृष्टिकोण

मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। लोगों को सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर अधिक देर न रहने की सलाह दी गई है। अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने के आसार हैं।

रायपुर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान

राजधानी रायपुर में 26 अक्टूबर को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 32°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रह सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker