सक्ती

कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक

सक्ती। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभाग अंतर्गत चल रहे विभागीय कामकाज की समीक्षा की। समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में त्वरित सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक दुर्घटना वाले स्थानों पर जागरूकता बोर्ड, रिफ्लेक्टर एवं अन्य सुरक्षा संकेतक अनिवार्य रूप से लगाने पर जोर दिया। कलेक्टर ने संवेदनशील क्षेत्रों में सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य में तेजी लाने और सड़कों से अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों तथा प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों सहित अन्य आवश्यक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।

img 20260324 1851074215639980956547258 Console Corptech

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने जिले में मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन और बिक्री पर कड़ा नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों को समन्वय के साथ नियमित कार्रवाई और फील्ड निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मेडिकल स्टोर्स व क्लीनिकों की जांच, प्रतिबंधित दवाओं की निगरानी और अवैध क्लीनिकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कोटपा एक्ट के तहत स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने तथा युवाओं में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र, उल्लास योजना एवं आधार एमबीयू से जुड़े कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा प्रत्येक विद्यालय में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना, जल जीवन मिशन, लोक सेवा गारंटी आदि कार्यो की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के लंबित पेंशन प्रकरणों के अद्यतन स्थिति सहित अन्य आवश्यक कार्याे की विस्तारपूर्वक जानकारी ली तथा विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित पेंशन प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा तहसीलवार विवादित नामंतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा विभागवार समय सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन, जनचौपाल आदि में प्राप्त शिकायतों का विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियो को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के एस पैकरा, संयुक कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा श्री रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा श्री विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत, जिला कोषालय अधिकारी श्री उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सुधाकर बोदले सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

ई-चालान मॉड्यूल के माध्यम से ओटीसी चालान जमा करने प्रशिक्षण किया गया आयोजित

कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक के पश्चात ई-कोष पोर्टल के तहत ई-चालान मॉड्यूल के माध्यम से ओटीसी (ओवर द काउंटर) चालान जमा करने संबंधी विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें बैंक प्रबंधक और आहरण संवितरण अधिकारी शामिल हुए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 01 अप्रैल 2026 से भौतिक (मैनुअल) चालान का प्रचलन समाप्त हो जाएगा और सभी चालान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही जमा किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ओटीसी सुविधा के अंतर्गत चालान का डेटा सीधे बैंक को ऑनलाइन भेजा जाएगा, जिससे बैंक स्तर पर पुनः प्रविष्टि की आवश्यकता नहीं रहेगी। बैंक काउंटर पर केवल ऑनलाइन जनरेटेड चालान, जिसमें ट्रेजरी रेफरेंस नंबर (टीआरएन) अंकित होगा, के आधार पर राशि जमा की जाएगी। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नई ऑनलाइन व्यवस्था को समय पर प्रभावी रूप से लागू करें और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि 01 अप्रैल 2026 से ओटीसी ई-चालान के माध्यम से चालान जमा करने की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker