दिवाली के बाद दस्तक देगी ठंड : दोपहर में गर्मी और उमस ने किया बेहाल, 32 डिग्री के पार पहुंचा दिन का पारा

धूप के चलते गर्मी और उमस बढ़ गई है
जांजगीर फर्स्ट न्यूज। बिलासपुर में दिवाली के बाद गर्मी में कमी आएगी और ठंड बढ़ने की संभावना है। आसमान में छाई बदली की वजह से फिलहाल गर्मी और उमस है। बुधवार को मौसम साफ होने की वजह से दिन में तेज धूप और गर्मी का अहसास हुआ। माना जा रहा है कि दिवाली के बाद ठंड में तेजी आएगी।
चक्रवाती तूफान दाना के चलते पिछले सप्ताह बारिश की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, इस दौरान हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन आसमान में काले बादल छाए रहे। बीते मंगलवार को भी हल्की वर्षा की उम्मीद थी, लेकिन बारिश नहीं हुई। अब बिलासपुर में आसमान से बादल छंटने लगे हैं और वर्षा की संभावना कम हो गई है।
बिलासपुर में ऐसा रहा तापमान
बिलासपुर में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री रहा, जिसके चलते दोपहर में गर्मी और उमस से लोग परेशान होते रहे। वहीं, रात का तापमान में 24.6 रहा। एक दिन पहले मंगलवार को भी अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री था। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा।
तापमान में कोई बदलाव नहीं
मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा का कहना है कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे ओडिशा के ऊपर स्थित है। प्रदेश में इसके कारण निम्न स्तर पर काफी मात्रा में नमी आ रही है। बिलासपुर समेत प्रदेश में 31 अक्टूबर को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। इस दौरान जिले में मौसम शुष्क बने रह सकता है।
दिवाली के बाद बढ़ सकती है ठंड
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों में दिन के समय तेज धूप का असर रहेगा, जबकि रात का तापमान धीरे-धीरे गिरता चला जाएगा। अब, बदलते मौसम में शहर के लोगों को सर्दी-गर्मी का यह मिश्रण रहेगा।
दिन के बढ़ते तापमान के साथ रात्रि की ठंडी हवाओं के मिश्रण से दिनचर्या में भी बदलाव की शुरुआत हो रही है। मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान का कहना है कि दिवाली पर इस साल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। वर्षा की संभावना नहीं है।



