छत्तीसगढ़

सावधान चक्रवाती तूफान आ रहा IMD का रेड अलर्ट, इन हिस्सों पर मंडरा रहा खतरा

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बन रहा गहरा दबाव अब भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों के लिए रेड अलर्ट जैसी स्थिति बताई है।

28 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना

28 अक्टूबर को बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर आदि में भारी से अति भारी वर्षा के आसार हैं। वहीं, कुछ स्थानों पर सीमांत भारी वर्षा भी हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दक्षिणी जिलों में तेज हवाएं 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

29 अक्टूबर को मध्य छत्तीसगढ़ में असर

चक्रवात के आगे बढ़ने के साथ इसका असर 29 अक्टूबर को मध्य छत्तीसगढ़ तक पहुंचेगा। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद, बालोद और धमतरी जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इन जिलों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

तेज हवाओं का कहर

28 अक्टूबर: दक्षिण छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में 60–80 किमी/घंटा की रफ्तार की हवाएं, 29 अक्टूबर: मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में 50–70 किमी/घंटा की रफ्तार की हवाएं, मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों और आम जनता से अपील की है कि वे पेड़ों, बिजली के खंभों और पुराने ढांचों के पास न जाएं और सावधानी बरतें।

तापमान और वर्षा के आंकड़े

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.6°C माना में और न्यूनतम तापमान 17.5°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया।

वर्षा के प्रमुख आंकड़े (सेमी में)

वर्षा के मुख्य आंकड़ों की बात करें तो खड़गांव 8, औंधी, मानपुर 7, नारायणपुर, गीदम 6, दुर्गकोंदल, छोटेडोंगर, भैरमगढ़ 5, मोहला, दंतेवाड़ा, कुमारदा 4, भानुप्रतापपुर 4, ओरछा, बारसूर, अंबागढ़ चौकी, मर्दापाल, छुरिया 3, लोहांडीगुड़ा, लाल बहादुर नगर, धनोरा, बीजापुर, खैरागढ़, पखांजूर, फरसगांव 2, गंगालूर, भोपालपटनम, कोंडागांव, डौंडी, छुईखदान में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

बंगाल की खाड़ी से उठेगा भीषण चक्रवात

दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर बना गहरा दबाव का क्षेत्र अब धीरे-धीरे चक्रवात में तब्दील हो रहा है। 26 अक्टूबर की सुबह यह दबाव पोर्ट ब्लेयर से 620 किमी पश्चिम और चेन्नई से 770 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में यह सिस्टम चक्रवाती तूफान में तब्दील होगा और 28 अक्टूबर तक भीषण चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है। यह तूफान 28 अक्टूबर की शाम या रात को आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच, काकीनाडा के आसपास तट पार कर सकता है। इस दौरान हवा की गति 90-110 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। साथ ही एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है।

रायपुर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान

राजधानी रायपुर में 27 अक्टूबर को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 32°C और न्यूनतम तापमान लगभग 24°C रहने की उम्मीद है। दो दिनों के बाद प्रदेश में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker