बिलासपुर में दो दिन रिमझिम के बाद आज से फिर बौछार के संकेत

बिलासपुर में पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के बाद रविवार को जहां रुक-रुककर रिमझिम वर्षा हुई तो सोमवार को भी इसी तरह की स्थिति रही। वहीं अब 30 जुलाई से एक बार फिर तेज बारिश का अनुमान है। इसके तहत शहर समेत जिले में कहीं-कहीं भारी तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से पूर्वानुमान जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में मानसून सक्रिय
बिलासपुर शहर में भारी बारिश होने की संभावना
शहरवासियों को उमसभरी गर्मी से हल्की राहत
बिलासपुर। मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में मानसून सक्रिय है। 28 और 29 जुलाई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इससे पहले करीब एक सप्ताह – में इतनी बारिश हुई कि महीने भर की औसत बारिश का कोटा भी पूरा हो गया। जबकि एक सप्ताह पहले तक की स्थिति में दर्ज की गई बारिश पिछले दो सालों के मुकाबले बेहद कम थी। इस अच्छी बरसात के चलते शहरवासियों को जहां उमसभरी गर्मी से हल्की राहत मिली है तो वहीं किसान भी खुश हैं। दो दिनों तक मानसून के कमजोर पड़ने के बाद अब 30 जुलाई से फिर से इसकी सक्रियता बढ़ने वाली है। ऐसे में एक बार फिर अच्छी वर्षा की संभावना जताई गई है।
रहना होगा सतर्क
मंगलवार को बिलासपुर शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आकाश में बादल छाए रहेंगे और वायुमंडलीय स्थिति अनुकूल रहेगी। लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से बाहर निकलने से पहले मौसम की जानकारी ले लें और आवश्यक सावधानियां बरतें। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए भी सतर्क रहना होगा। आम नागरिकों को इसके लिए सजग रहने की बात कही गई है।
अच्छी बारिश से किसानों को राहत
बिलासपुर में हुई अच्छी बारिश से धान की खेती करने वाले अंचल के किसानों की समस्या दूर हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में अब रोपाई और बियासी का काम जोरों से चल रहा है। पानी की पर्याप्त उपलब्धता से किसान खुश हैं और फसलों की अच्छी पैदावार की उम्मीद है। खेतों में किसानों की हलचल बढ़ गई है और वे पूरे उत्साह के साथ अपने कार्यों में लगे हुए हैं।



