मादक पदार्थों की अवैध खेती पर कड़ी नजर, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

सक्ती। जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए इस पर निरंतर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में संभावित अफीम सहित अन्य अवैध फसलों की पहचान एवं रोकथाम के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए है। कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारी, सचिव और कोटवार की संयुक्त टीम तथा शहरी क्षेत्रों में पटवारी एवं नगरीय निकायों के अमले को मिलकर सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर राजस्व, पुलिस और वन विभाग को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। कृषि, उद्यानिकी एवं रेशम विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निगरानी में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को गांव-गांव जाकर खेतों का निरीक्षण करने, संदिग्ध फसलों की पहचान करने और समय पर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है। प्रशासन ने अवैध खेती में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।




