कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं

सक्ती। जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में आज तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम किरारी निवासी श्री सुरेन्द्र दास महंत ने अपने मिटटी के घर आंधी वर्षा से क्षतिग्रस्त होने एवं मकान धसकने के कारण शासन से सहायता राशि दिलाए जाने के सम्बन्ध में, तहसील अड़भार अंतर्गत ग्राम सकर्रा निवासी श्री चूड़ामणि श्रीवास ने उनके पुत्र का आत्मानंद स्कूल मालखरौदा में भर्ती के सम्बन्ध में, तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम कमरीद निवासी श्री निशीथ तिवारी ने जेठा टोल प्लाजा के पास शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा धारियों पर कब्जा मुक्त कार्यवाही के सम्बन्ध में, तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम कमरीद निवासी श्री संतु धीरही व अन्य ने जिला हॉस्पिटल में महिला समूह को मिले केंटीन को किसी अन्य पुरुष द्वारा चलाए जाने के संबंध में, तहसील भोथिया अंतर्गत ग्राम हरदी निवासी श्री बरातु राम, टेकराम रात्रे ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में त्रुटि सुधार कराने के संबंध में सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया।
उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।




