सक्ती

जिला प्रशासन सक्ती की अनूठी पहल, जिले के 24 होनहार विद्यार्थियों ने किया एयरपोर्ट भ्रमण

सक्ती। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन के मार्गदर्शन में जिले के होनहार स्कूली छात्र-छात्राओं को एयरपोर्ट भ्रमण का विशेष अवसर प्रदान किया गया। विद्यार्थियों के चयन के लिए 13 मई को जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान एवं एप्टीट्यूड टेस्ट आधारित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 छात्र-छात्राओं का चयन एयरपोर्ट भ्रमण हेतु किया गया। 16 मई को प्रातः 8 बजे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सक्ती से सभी चयनित विद्यार्थियों को बस के माध्यम से स्वामी विवेकानंद विमानतल माना रायपुर के लिए रवाना किया गया। विद्यार्थियों को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। एयरपोर्ट पहुंचने पर सभी बच्चों के लिए प्रवेश पास बनवाकर उन्हें विमानतल परिसर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान फ्लाइंग ऑफिसर विवेक कुमार साहू, तकनीशियन श्री नेगी एवं श्री अर्जुन ने बच्चों को फाइटर प्लेन और सिविलियन एयरक्राफ्ट के बेसिक सिद्धांतों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को फाइटर प्लेन के विभिन्न पार्ट्स, डिजाइन एवं उसके कार्य करने की प्रक्रिया के बारे में भी समझाया।

भ्रमण के दौरान बच्चों को एक-एक कर विमान के कॉकपिट में बैठने का अवसर भी मिला, जिससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने रनवे पर विमानों को उड़ान भरते और उतरते हुए भी नजदीक से देखा। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सक्ती सीईओ श्री वासु जैन एवं श्री विवेक द्वारा एयरपोर्ट और विमान से संबंधित सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक परिवहन प्रणाली, उड्डयन क्षेत्र एवं हवाई जहाज संचालन की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त हुई। यह भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उनके ज्ञानवर्धन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत सक्ती एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। भ्रमण के उपरांत सभी विद्यार्थियों ने जिला प्रशासन, जिला पंचायत सक्ती एवं शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker