छत्तीसगढ़ में अंधड़-बारिश का अलर्ट! 50KM रफ्तार वाली आंधी, 5 दिन गर्मी मचाएगी तबाही

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग रायपुर ने 13 मई से राज्य में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और अंधड़ का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि IMD के अनुसार इस मौसम बदलाव से गर्मी में ज्यादा राहत नहीं मिलेगी। अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। आज 13 मई को प्रदेश का मौसम मुख्य रूप से शुष्क से आंशिक बादल वाला रहने वाला है। दुर्ग में सबसे ज्यादा 42.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ है।
छत्तीसगढ़ में अंधड़-बारिश का IMD अलर्ट
IMD रायपुर के अनुसार 13 मई से राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज अंधड़ की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 40-50 किमी/घंटा रह सकती है। यह गतिविधि 13 से 15 मई तक प्रभावी रहने की उम्मीद है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। IMD के एक्सटेंडेड फोरकास्ट के अनुसार मई में हीट वेव की संभावना बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार को हीट वेव तथा थंडरस्टॉर्म एक्शन प्लान को और मजबूत करना चाहिए।
तापमान में बढ़ोतरी, राहत सीमित
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अंधड़ और बारिश के बावजूद प्रदेश के तापमान पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। गर्मी का यह दौर मजदूरों, किसानों और आम लोगों के लिए परेशानी भरा साबित होगा।



