छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी, अगले तीन दिनों में तापमान 3-4°C बढ़ने के आसार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम अब करवट ले रहा है। पिछले कुछ दिनों से जारी गर्जन और हल्की बारिश की गतिविधियों के बाद अब प्रदेश में गर्मी धीरे-धीरे फिर से बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 9 अप्रैल यानी आज से प्रदेशभर में गरज-चमक और बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को दिन में तेज धूप और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। हालांकि अब आने वाले दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं।
प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। वर्षा के प्रमुख आंकड़ों में मनोरा, कांसाबेल और जशपुरनगर में 1-1 सेमी बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 9 अप्रैल से प्रदेश में गर्जन की गतिविधियां कम होने लगेंगी। राज्य में अधिकतम तापमान 38.5°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.5°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
सक्रिय मौसम प्रणाली
छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका छत्तीसगढ़ से लेकर तेलंगाना, रायलसीमा होते हुए तमिलनाडु के आंतरिक भाग और मन्नार की खाड़ी तक फैली हुई है, जो मौसम को प्रभावित कर रही है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में 9 अप्रैल को आकाश मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रह सकता है।



