सक्ती

जिले में गैस, पेट्रोल-डीजल पर्याप्त: जमाखोरी-कालाबाजारी पर सख्त कार्यवाही के निर्देश

सक्ती। जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है और आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि ईंधन की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे ईंधन का उपयोग जिम्मेदारी और बचत के साथ करें तथा अनावश्यक रूप से स्टॉक न करें। साथ ही वैकल्पिक साधनों का भी उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर सुविधा मिल सके। प्रशासन ने यह भी बताया कि एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पूर्व की तरह सुचारू रूप से जारी है। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जुड़े उपभोक्ताओं के संदर्भ में प्रशासन ने बताया कि कुछ स्थानों पर अचानक बढ़ी मांग के कारण वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई है। ऐसे में पारदर्शी और संतुलित वितरण सुनिश्चित करने के लिए सभी एजेंसियों को निर्देशित किया गया है। संभावित जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-3663, 1967 तथा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम 0771-2511975 जारी किए गए हैं। सक्ती जिले में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां मोबाइल नंबर 9993398904 पर संपर्क किया जा सकता है। सभी शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए हैं।

एलपीजी उपभोक्ताओं को निर्धारित अंतराल के अनुसार ही रिफिल बुकिंग कराने की सलाह दी गई है। नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल तय किया गया है, ताकि सभी तक समय पर गैस पहुंच सके। इसके अलावा, बिना लाइसेंस 100 किलोग्राम से अधिक गैस भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी जारी किए हैं। साथ ही गैस एजेंसियों और उचित मूल्य की दुकानों को पारदर्शी वितरण और सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और आवश्यक वस्तुओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, ताकि सभी को समान रूप से लाभ मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker