मोतियाबिंद से पीड़ित वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क ऑपरेशन शिविर लाभ उठाने जनपद अध्यक्ष ने की अपील

जैजैपुर। छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा मोतियाबिंद से पीड़ित वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मोतियाबिंद से पीड़ित बुजुर्गों का ऑपरेशन भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर में निःशुल्क कराया जाएगा।
इसके लिए समाज कल्याण विभाग, जिला सक्ती द्वारा मरीजों को एम्स रायपुर ले जाने तथा वापस लाने की निःशुल्क व्यवस्था भी की गई है। इच्छुक वरिष्ठ नागरिक अपना आधार कार्ड और एक फोटो के साथ 20 मार्च 2026 तक जिला कार्यालय समाज कल्याण, जिला सक्ती में पंजीयन करा सकते हैं।
इस संबंध में पुष्पा परदेशी खुंटे, अध्यक्ष जनपद पंचायत जैजैपुर ने क्षेत्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिन बुजुर्गों को मोतियाबिंद की समस्या है, वे इस निःशुल्क शिविर का लाभ अवश्य लें और समय पर पंजीयन कराएं। उन्होंने कहा कि यह शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। अधिक जानकारी के लिए समाज कल्याण विभाग के श्री मनोज कुमार साहू (कम्प्यूटर ऑपरेटर) मोबाइल नंबर 6267198025 से संपर्क किया जा सकता है।




