
जांजगीर-चांपा। सक्ती जिले के ग्राम नगारीडीह के 22 वर्षीय निर्धन युवक तरुण कुमार मंहत को गंभीर अवस्था में 17 नवंबर 2025 को भाजपा युवा नेता राजू कश्यप (राजकुमार कश्यप) द्वारा बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत शुक्ला हेल्थ केयर, बिर्रा में भर्ती कराया गया। तरुण के माता-पिता का साया बचपन में ही उठ गया था, जिसके बाद उनकी परवरिश उनके मामा-दादा ननकी दाऊ मंहत ने की। अस्पताल पहुँचते ही चिकित्सक डॉ शुभम् शुक्ला ने मरीज की गहन जांच की, जिसमें टाइप-1 शुगर तथा शरीर में फैल रहे गंभीर इंफेक्शन का पता चला। स्थिति अत्यंत गंभीर थी और उपचार में थोड़ी भी देरी जानलेवा हो सकती थी। डॉक्टर शुभम शुक्ला ने बिना किसी विलंब के विशेष उपचार प्रारंभ किया। उपचार शुरू होते ही अगले ही दिन से मरीज की स्थिति सुधरने लगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि डॉक्टर शुभम शुक्ला ने मरीज का पूरा उपचार नि:शुल्क (फ्री) किया, ताकि आर्थिक स्थिति के कारण मरीज की जान पर कोई खतरा न आए।
मरीज तरुण कुमार मंहत ने भावुक होकर कहा कि डॉक्टर शुभम मेरे लिए भगवान हैं, उन्होंने मुझे नई जिंदगी दी है। उनके मामा-दादा ने भी डॉक्टर की सेवा भावना को मानवता की अमूल्य धरोहर बताया और कहा कि ऐसे पुत्र व ऐसे डॉक्टर समाज के लिए प्रेरणा हैं। डॉ शुभम शुक्ला, जिन्होंने एमबीबीएस और एमडी की शिक्षा प्राप्त की है, अपने पिता ईश्वर शुक्ला और माता स्व. सीमा शुक्ला (पूर्व जिला पंचायत महिला एवं बाल विकास सभापति) की जनसेवा से प्रेरित होकर ग्रामीण क्षेत्र में सेवा को सर्वोपरि मानते हैं। बड़े शहरों में करियर बनाने के अवसर छोड़कर उन्होंने ग्रामीण जनता की सेवा को अपना जीवन उद्देश्य बनाया है। डॉक्टर शुभम शुक्ला का मानना है कि निर्धनों की सेवा कर पाना ही उनकी शिक्षा और जीवन का सबसे बड़ा उपहार है। इस मानवतावादी कार्य की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों ने डॉक्टर शुभम शुक्ला की सराहना की और इसे मानवता का अद्भुत उदाहरण बताया। मौके पर मोहन कुमारी, मनोज तिवारी, मणीलाल कश्यप, सरपंच प्रतिनिधि एकादशियां साहू, लच्छनाथ देवांगन, फिरत साहू, ईश्वर शुक्ला, कमला प्रसाद, आदित्य, राधे केशवानी, कृष्ण कश्यप, जितेंद्र तिवारी, जीवन साहू, नंद कश्यप, संजू साहू, कमल खूंटे, कृष्ण साहू, सरिता सहित शुक्ला हेल्थ केयर का स्टाफ तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।


