
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। बंगाल की खाड़ी में बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र और मानसून द्रोणिका की सक्रियता के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवा के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
मौसम विभाग ने राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गरियाबंद, पेंड्रा मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां अचानक तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटा), बिजली गिरने और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
येलो अलर्ट वाले जिले
नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, कबीरधाम, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी का असर
बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी तक फैला है और मानसून द्रोणिका भी सक्रिय है। इसी कारण प्रदेश में व्यापक वर्षा दर्ज की जा रही है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 4 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आएगी।




