बस्तर संभाग में भारी बारिश का खतरा, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, देखें मौसम अपडेट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। ओडिशा तट से सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण राज्य में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर बस्तर संभाग और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है।
ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोडागांव जिलों को ऑरेंज अलर्ट में रखा है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा की संभावना है। येलो अलर्ट के तहत कांकेर और आसपास के उत्तरी बस्तर क्षेत्र में हल्की वर्षा हो सकती है।
भारी वर्षा की संभावना
ओडिशा तट के पास बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। इससे निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात बाधित होने की आशंका है।
सिनोप्टिक सिस्टम की स्थिति
ओडिशा तट के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और अगले दो दिनों में इसके और मजबूत होने की संभावना है। साथ ही मानसून द्रोणिका गंगानगर से ओडिशा तट तक फैली हुई है, जिससे बारिश का क्रम जारी रहेगा।




