
बिर्रा। ग्राम पतरापाली (पूर्व) में आज 17 मार्च रविवार से शुरू होने वाली सार्वजनिक श्रीमद् भागवत कथा में सुबह 10 बजे से भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान शोभा यात्रा में पीत वस्त्रधारी महिला श्रद्धालु अपने सिर पर कलश रखकर चल रहीं थीं। शोभा यात्रा में श्रद्धालु उड़िया संकीर्तन पार्टी डीजे की धुन पर बज रहे भक्ति गीतों पर जमकर थिरके। कलश यात्रा समापन के बाद श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ।
रविवार को कथा पंडाल से गांव के तालाब तक भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इसके पूर्व भागवताचार्य पं. दीपक कृष्ण महाराज ने सबसे पहले गणेश पूजन कर 108 कलशों का पूजन कराया। शोभा यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस आयोजन स्थल पहुंचकर समाप्त हुइ। इसके उपरांत महाराज जी ने शाम के समय कथा का शुभारंभ किया।
आचार्य पं. दीपक कृष्ण महाराज जी ने बताया कि यह कथाएं युग में परिवर्तन का माध्यम हैं। आज संसार में व्याप्त संस्कृति, सभ्यता इसकी सुरक्षा केवल और केवल राम कथा और कृष्ण कथा शिव महापुराण कथा धार्मिक आयोजन से हो रही है। अगर हमारे समाज में यह कथाएं न हों,भगवान के दिव्य चरित्रों का गान न हो तो हमारे दैनिक जीवन में हमारी संस्कृति में हमारी सभ्यता में प्रेम का बास ही नहीं होगा, हमारा जीवन शून्यता की ओर चला जाएगा।
पं.दीपक कृष्ण महाराज जी ने कहा कि भगवान की कथा हमारे जीवन में समरसता, प्रेम और आत्मीयता को स्थापित करती है।
आयोजक समस्त पतरापाली ग्रामवासीयों ने सभी श्रद्धालुओं से संगीतमयी कथा का रसपान करने की अपील की है।


