छत्तीसगढ़

रायपुर में जुटेंगे प्रदेशभर के जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, 16 सितंबर को होगा प्रदेश स्तरीय सम्मेलन

लगभग 250 पंचायत प्रतिनिधि होंगे शामिल, प्रदेश कार्यकारिणी का होगा गठन; जनपद पंचायतों से जुड़े अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों की एक बड़ी प्रदेश स्तरीय बैठक 16 सितंबर को रायपुर में आयोजित होने जा रही है। सम्मेलन में प्रदेशभर से लगभग 250 जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है।

जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष संघ छत्तीसगढ़ के बैनर तले आयोजित इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष सहित प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही जनपद पंचायतों के अधिकार, वित्तीय एवं प्रशासनिक विषयों, विकास कार्यों में आने वाली समस्याओं तथा पंचायत प्रतिनिधियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

प्रदेशभर के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष होंगे एक मंच पर

बैठक की जानकारी देते हुए जनपद पंचायत जैजैपुर की अध्यक्ष पुष्पा परदेशी खुंटे ने बताया कि 16 सितंबर को रायपुर में होने वाली यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश से जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष रायपुर में एकत्रित होंगे। लगभग 250 पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संगठन को मजबूत स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष सहित प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही जनपद पंचायतों से संबंधित विभिन्न विषयों पर सामूहिक रूप से विचार-विमर्श किया जाएगा।

पुष्पा परदेशी खुंटे ने कहा कि प्रदेशभर के जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों की एकजुटता से पंचायत प्रतिनिधियों की आवाज को मजबूती मिलेगी। यह सम्मेलन संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनपद पंचायतों के अधिकार एवं प्रतिनिधियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

सम्मेलन को लेकर प्रदेशभर के जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों में उत्साह है। आयोजन को सफल बनाने के लिए बैठक स्थल, पंजीयन, स्वागत सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष संघ की ओर से प्रदेशभर के सभी जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों से 16 सितंबर को रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर संगठन को मजबूत बनाने तथा जनपद पंचायतों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को एकजुट होकर मजबूती से उठाने में सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker